जम्मू- कश्मीर की राजधानी श्रीनगर देर रात एक भयावह धमाके से दहल उठी। नौगाम पुलिस स्टेशन में रात करीब 11.20 बजे हुए शक्तिशाली विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। धमाका इतना तेज था कि पुलि स्टेशन का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया ,दर्जनों वाहन जलकर खाक हो गए और आसपास के इलाकों तक झटके महसूस किए गए।यह विस्फोट उस समय हुआ जब अधिकारी सफेदपोश आंतकी माडयूल मामले में जब्त किए गए विस्फोटको के एक बड़े जखीरे से नमूने निकाल रहे थे।
इस दुखद घटना में 9 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज 92 आर्मी बेस हॉस्पिटल, SKIMS सौरा और अन्य अस्पतालों में जारी है।मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक हुए धमाके ने पूरे नौगाम इलाके में दहशत फैला दी। कई लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज 7 किलोमीटर दूर राजबाग, पुराना सचिवालय, छानपोरा, रावलपोरा, सनतनगर और पंथा चौक तक सुनाई दी।
धमाके के बाद पुलिस स्टेशन का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।आग की विकराल लपटों ने कई वाहनों को जला कर राख कर दिया।शवों के चिथड़े 100 से 300 मीटर दूर तक बिखरे मिले।फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम को कईं घंटों की मशक्कत करनी पड़ी। शवों की पहचान करना बहुत मुश्किल हो गई है। कई लोगों के शव पूरी तरह से झुलस गए हैं।स्थानीय निवासी ने बताया“धमाका इतनी जोर का था कि हमारे घर की खिड़कियां हिल गईं। जीवन में कभी इतनी बड़ी आवाज नहीं सुनी।”
अधिकारियों के मुताबिक धमाके के समय पुलिस टीम व्हाइट कॉलर आतंकी मॉड्यूल से जब्त किए गए विस्फोटकों के नमूने ले रही थी। यह विस्फोटक सामग्री हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल गनई के ठिकानों से बरामद की गई थी।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने गनई के दो ठिकानों से कुल 2,900 किलो विस्फोटक बरामद किया था, जिसमें 360 किलो नौगाम पुलिस स्टेशन लाया गया था।बाकी सामग्री सुरक्षित स्थानों पर रखी गई थी।नमूना निकालने के दौरान हुए हादसे में पूरा स्टोर किया गया विस्फोटक एक साथ डेटोनेट हो गया।मरने वाले अधिकारियों में पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दो संभावित कारणों पर जांच शुरू की है। नमूना लेते समय अमोनियम नाइट्रेट में रासायनिक प्रतिक्रिया है या जब्त की गई किसी कार में छिपा IED विस्फोटक को ट्रिगर कर गया।कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि किसी बरामद कार में लगा IED सक्रिय हो गया, जिसने स्टोर किए गए अमोनियम नाइट्रेट को भी उड़ा दिया। इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।सुरक्षा एजेंसियों की इस हादसे के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए नौगाम थाना और आसपास का पूरा इलाका सील किया गया।बम डिस्पोज़ल स्क्वाड, FSL और SIA की टीमें मौके पर भेजी गईं।इलाके को लोहे की फेंसिंग लगाकर अलग किया गया।रातभर तलाशी अभियान चलाया गया। 92 बेस आर्मी हॉस्पिटल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दिल्ली कार ब्लास्ट से सीधा कनेक्शन
इस घटना का लिंक दिल्ली के लाल किला कार ब्लास्ट (10 नवंबर) से जुड़ा है, जिसमें 13 लोगों की मौत हुई थी। उस मामले में गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल गनई से 2,900 किलो विस्फोटक,भारी मात्रा में हथियार,IED बनाने की सामग्री बरामद हुई थी। जांच में खुलासा हुआ कि यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा हुआ था।








