हरियाणा पुलिस की STF (SPECIAL TASK FORCE) अंबाला यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। STF ने लॉरेंस गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर लखविंद्र उर्फ लाखा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को संयुक्त राज्य अमेरिका से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। लखविंद्र को अमेरिका में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गिरफ्तार किया था। 25 अक्टूबर 2025 को उसे भारत लाया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हरियाणा पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया।STF ने बताया कि लखविंद्र को आज अंबाला की अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी। इस पूछताछ के दौरान उसके विदेश से संचालित आपराधिक नेटवर्क और गैंग के अन्य साथियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।

आरोपी का आपराधिक प्रोफ़ाइल
लखविंद्र उर्फ लाखा कैथल जिले के तितरम गांव का रहने वाला है। वह 2022 से अमेरिका में सक्रिय था और गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई के निर्देशों पर हरियाणा और पंजाब में रंगदारी, धमकी और फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहा था।STF और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लखविंद्र के खिलाफ हरियाणा के पांच जिलों में मुकदमें दर्ज हैं।सोनीपत के सिटी थाना गोहाना में14 फरवरी 2023 को जबरन वसूली और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने एक व्यक्ति को धमकाकर पैसे की मांग की थी।रोहतक के महम थाना में थाना महम, रोहतक 21 मार्च 2023 को साजिश, रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया था। आरोपी ने गैंग के साथ मिलकर हत्या और उगाही की योजना बनाई थी। यमुनानगर के सिटी थाना में 22 मार्च 2023 को व्यापारी को धमकाने और पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी देने का मामला दर्ज किया गया था।कैथल के सदर थाना में 29 मार्च 2023 को हत्या की धमकी देकर उगाही देने के आरोप में केस दर्ज किया गया था। 27 अप्रैल 2023 को अंबाला के सेक्टर-9 में सबसे गंभीर मामला दर्ज किया गया। लखविंद्र पर अवैध हथियार रखने, धमकी देने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और साथियों के साथ मिलकर रंगदारी व उगाही करने का आरोप है।इसके अलावा, 2023 में उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) और 2024 में इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी किया गया था। करीब एक साल तक चली राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय के बाद उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया।
STF की कार्रवाई और भविष्य की योजना
हरियाणा STF के अधिकारी ने कहा है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी। इससे उसके विदेश में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क, साथी गैंगस्टर और आगामी अपराध योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।STF ने यह भी स्पष्ट किया कि वह संगठित अपराध को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है और विदेशों में छिपे अन्य वांछित अपराधियों को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
अंबाला यूनिट की इस कार्रवाई को हरियाणा में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि लखविंद्र जैसे अपराधियों की गिरफ्तारी न केवल प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत करती है, बल्कि गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ने में भी मददगार साबित होगी।










