चंडीगढ़। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बुधवार को मोहाली के मुल्लापुर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया को 102 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। यह ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी हार रही। लगातार 8 मुकाबलों में हार झेल चुकी टीम इंडिया ने नौवें मैच में जीत दर्ज की। यह जीत 2021 के बाद ऑस्ट्रेलिया पर पहली और घरेलू मैदान पर करीब 18 साल बाद मिली, जब फरवरी 2007 में चेन्नई में भारत ने कंगारू टीम को हराया था। ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले बड़ी पराजय इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी जब टीम 92 रन से मैच हार गई थी।

दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 292 रन बनाए। यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2023 में 282 का स्कोर बनाया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 40.5 ओवर में 190 रन बनाकर आउट हो गई। मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार बैटिंग, बोलिंग और फील्डिंग का नजारा पेश किया। पूरी टीम एक यूनिट में दिखी और विश्व विजेता टीम को बैटिंग के दौरान एक-एक रन के लिए संघर्ष करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने शतक लगाया है। भारत के दोनों ही ओपनर बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया और 70 रन की पार्टनरशिप की।
स्टेडियम में जश्न का माहौल छाया
भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद मोहाली के मुल्लापुर स्टेडियम में जश्न का माहौल छा गया। चारों ओर भारत माता की जय के नारे गूंज उठे और दर्शक खुशी से झूमते नजर आए। 18 साल बाद अपने देश में ऑस्ट्रेलिया को मात देने वाली इस जीत को देखने वाले दर्शकों ने कहा कि यह लम्हा उनके दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा।

विश्वकप की तैयारियों के लिए जीत अहम
विश्वकप की तैयारियों को देखते हुए यह जीत भारतीय टीम के काफी मायने रखती है। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा समय विश्व चैंपियन है। ऐसे में उनका हराने से टीम इंडिया का मनोबल बढ़ेगा। इस बार महिला विश्वकप का आयोजन भारत में होने जा रहा है। महिला विश्वकप की शुरूआत 30 सितंबर से होने जा रही है। विश्वकप से पहले दोनों देशों के बीच चल रही तीन मैचों की सीरीज में पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। लेकिन दूसरा मैच जीतने के बाद सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। अब 20 सितंबर को तीसरा और अंतिम मैच दिल्ली में खेला जाएगा।
खास बात यह है कि भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया टीम से बीते 4 साल से कोई भी मैच जीत नहीं पाई थी। साल 2021 के बाद से वनडे मुकाबलों में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ रहा था।










