फर्रुखाबाद जिले के खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हवाई हादसा होते-होते टल गया। मोहम्मदाबाद कस्बे स्थित राजकीय हवाई पट्टी से उड़ान भरने की तैयारी कर रहा एक मिनी जेट विमान अचानक रनवे पर फिसल गया और अनियंत्रित होकर झाड़ियों में घुस गया। गनीमत रही कि विमान में सवार उद्योगपति और उनका परिवार इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
उड़ान भरते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, वुडपैकर ग्रीन एंग्री न्यूट्री पद प्राइवेट लिमिटेड के DMD अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा और बीपीओ राकेश टीकू अपने सहयोगियों के साथ भोपाल से बुधवार दोपहर फर्रुखाबाद आए थे। ये सभी खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में बन रही बीयर फैक्ट्री का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे, ये सभी जेट सर्विस एवियशन प्राइवेट लिमिटेड के प्राइवेट जेट (VT-DJZ) से भोपाल वापस लौटने के लिए रवाना हुए रनवे पर गति पकड़ते समय प्लेन अनियंत्रित होकर फिसल गया और बाउंड्री से टकरा गया। हादसे में विमान में सवार उद्योगपति और उनका परिवार बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।। विमान ने रनवे पर लगभग 400 मीटर तक दौड़ लगाई, लेकिन टेक-ऑफ से ठीक पहले यह अनियंत्रित हो गया और झाड़ियों में जा घुसा।
बड़ी त्रासदी टली
जेट विमान में DMD अजय अरोड़ा, एसबीआई हेड सुमित शर्मा, बीपीओ राकेश टीकू के अलावा कैप्टन नसीब बामल और कैप्टन प्रतीक फर्नांडिज सवार थे। सभी लोग सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद विमान के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।कंपनी के UP प्रोजेक्ट हेड मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि विमान के पहिए में हवा कम होने के बावजूद पायलट ने इसे उड़ाने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने पायलट पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यदि समय रहते सावधानी बरती जाती तो यह घटना नहीं होती।
प्रशासनिक लापरवाही भी सामने आई
फायर ब्रिगेड के FSO आशीष वर्मा ने बताया कि प्राइवेट विमान की उड़ान के लिए 12 घंटे पहले सूचना देना जरूरी होता है, ताकि सुरक्षा की दृष्टि से फायर टेंडर और अन्य इंतजाम किए जा सकें। लेकिन इस मामले में केवल 25 मिनट पहले सूचना दी गई थी जिसमें गाड़ी हमें तत्काल भेजनी होती है।। इतना ही नहीं, टेक-ऑफ से पहले आवश्यक ट्रेजरी फीस भी जमा नहीं की गई थी।जिला प्रशासन ने भी माना कि इस मामले में नियमों की अनदेखी हुई। DM आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा,
“570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भारत योजना के तहत बीयर प्लांट का निर्माण हो रहा है। बुधवार शाम को कंपनी के अधिकारी प्राइवेट जेट से आए थे। गुरुवार को टेक ऑफ के दौरान पायलट की लापरवाही से जेट रनवे से फिसल गया। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित हैं।”

मौके पर मचा हड़कंप
जैसे ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला, सीओ अजय वर्मा, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय और अपर उप जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फायरब्रिगेड की टीम भी पहुंची। पुलिस टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की।
उद्योगपति बोले – अब आगरा से जाएंगे भोपाल
वुडपैकर ग्रीन कंपनी के एमडी अजय अरोड़ा ने हादसे के बाद कहा,”हम फैक्ट्री का निरीक्षण करने आए थे। भोपाल लौटते वक्त यह घटना हुई। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। अब हम आगरा से दूसरी फ्लाइट लेकर भोपाल जाएंगे।”
राहत की सांस, लेकिन उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन इस हादसे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।यह घटना फर्रुखाबाद जिले में एक बड़ी त्रासदी बन सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए। फिलहाल विमान को रनवे से हटाने और आगे की तकनीकी जांच की प्रक्रिया जारी है।










